Monday, October 19th, 2026

गनीमत और अंगद की जोड़ी ने जीता गोल्ड मेडल

 नई दिल्ली
 भारतीय निशानेबाज गनीमत सेखों और अंगद वीर सिंह बाजवा की जोड़ी ने आइएसएसएफ विश्व कप में प्रतिस्पर्धा के पांचवें दिन स्कीट स्पर्धा की मिक्स्ड टीम वर्ग में स्वर्ण पदक जीत कर मेजबान टीम का दबदबा कायम रखा।

क्वालीफिकेशन में 141 अंक के साथ शीर्ष पर रहने वाली 20 साल की गनीमत और 25 साल के अंगद की भारतीय जोड़ी ने फाइनल में कजाखस्तान की ओग्ला पनारिना और अलेक्जेंडर येचशेंको की जोड़ी को 33-29 से शिकस्त दी। तालिक में शीर्ष पर चल रहे भारत के नाम अब सात स्वर्ण पदक हो गए हैं। भारत ने इसके साथ चार रजत और इतने ही कांस्य पदक जीते हैं जिससे उसके पदकों की संख्या 15 हो गई है।

इस स्पर्धा में भाग ले रही परिनाज धालीवाल और मेराज अहमद खान की एक और भारतीय जोड़ी हालांकि यहां डॉ. कर्णी सिंह निशानेबाजी परिसर में मामूली अंतर से कांस्य पदक से चूक गई। कतर की रीम ए शारशानी और राशिद हमद की मिक्स्ड जोड़ी ने कांस्य पदक मुकाबले में भारतीय जोड़ी को 32-31 से हराया। स्वर्ण पदक के मैच में विश्व रैंकिंग में 62वें स्थान पर काबिज अंगद पूरे लय में दिखे और उनका 20 में से सिर्फ एक निशाना चूका जबकि गनीमत छह बार सटीक निशाना लगाने से चूक गई। पहले सेट के 20 निशाने के बाद भारत और कजाखस्तान की टीमें 16-16 अंकों के साथ बराबरी पर थी।

गनीमत ने दूसरे हाफ में शानदर वापसी की और चार सटीक निशाने लगाए। इस दौरान अंगद एक निशाना लगाने से चूक गए। ओग्ला और अलेक्जेंडर की जोड़ी इस दौर में दो-दो बार चूकीं जिससे भारतीय टीम ने 23-20 की बढ़त हासिल कर ली। अंतिम चार शॉट (निशाने) में, अंगद ने एक बार फिर आत्मविश्वास से भरा प्रदर्शन किया, लेकिन गनीमत आखिरी निशाने पर चूक गई। इससे हालांकि कोई फर्क नहीं पड़ा क्योंकि कजाखस्तान के निशानेबाजों के तीन शॉट सही नहीं लगे।

मौजूदा टूर्नामेंट में यह गनीमत का तीसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने सोमवार को महिला स्कीट के फाइनल में परिनाज और काíतकी सिंह शेखावत के साथ रजत पदक जीता था। 20 साल की गनीमत ने इससे पहले महिला स्कीट स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। वह आइएसएसएफ विश्व कप के स्कीट के व्यतिगत महिला वर्ग में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। अंगद के लिए यह टूर्नामेंट का दूसरा स्वर्ण है। उन्होंने सोमवार को पुरुषों के स्कीट फाइनल में गुरजोत खांगुरा, मैराज अहमद खान के साथ पीला तमगा हासिल किया था।

 

#गनीमत और अंगद

Source : Agency

पाठको की राय